नशे के कारोबार पर प्रहार, चतरा में 116 एकड़ अवैध अफीम की खेती नष्ट

Chatra: झारखंड के Chatra जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसपी सुमित कुमार अग्रवाल के निर्देश पर कुंदा और लावालौंग थाना क्षेत्रों में कुल 116 एकड़ वन भूमि में फैली अवैध अफीम की फसल को नष्ट कर दिया गया।

कुंदा और लावालौंग में कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, कुंदा थाना क्षेत्र के ग्राम बैलगड़ा और मरगाडा में लगभग 6 एकड़ में लगी अफीम की अवैध खेती को नष्ट किया गया। वहीं लावालौंग थाना अंतर्गत लावासोकर, मधनिया, तेदाखोरा, बरामुडवा, बुलबुल होशिर और इचाक गांवों में करीब 110 एकड़ क्षेत्र में फैली अफीम की फसल को जमींदोज किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस बल और वन विभाग की टीम भी मौजूद रही। पूरे ऑपरेशन को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया ताकि अवैध खेती को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।

दोषियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध खेती में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आमजन से अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध अफीम की खेती से दूर रहें और किसी भी तरह की गैर-कानूनी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि जिले को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाया जा सके।

चतरा पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।