संत जेवियर्स कॉलेज, रांची में ओरिएंटेशन कार्यक्रम का दूसरे दिन हुआ समापन, नवप्रवेशी विद्यार्थियों को मिली शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी

रांची: संत जेवियर्स कॉलेज, रांची में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम का दूसरे दिन बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में तीन वर्षीय सीबीसीएस, बीबीए और बीसीए स्नातक पाठ्यक्रमों के सत्र 2026-29 एवं 2026-30 के विद्यार्थियों को कॉलेज की शैक्षणिक, प्रशासनिक और परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं से अवगत कराया गया।

तीन अलग-अलग सत्रों में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फ़ादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे ने किया। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कॉलेज के गौरवशाली इतिहास, मूल्यों और परंपराओं से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि संत जेवियर्स कॉलेज का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में लक्ष्य निर्धारण, चरित्र निर्माण, सत्यनिष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने अपने संबोधन का समापन कॉलेज के प्रसिद्ध संदेश “Once a Xaverian, Always a Xaverian” के साथ किया।

उप प्राचार्य डॉ. फ़ादर अजय अरुण मिंज, एसजे ने कॉलेज में संचालित वोकेशनल कोर्स और आधुनिक संसाधनों की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को तकनीक का सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ-साथ पुस्तकों का अध्ययन भी समान रूप से आवश्यक है, ताकि विद्यार्थी संपूर्ण ज्ञान प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुमित रॉय ने तीन वर्षीय सीबीसीएस परीक्षा प्रणाली, मूल्यांकन प्रक्रिया और उससे जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और नियमित अध्ययन करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर कॉलेज के रजिस्ट्रार डॉ. फ़ादर प्रभात केनेडी सोरेंग, एसजे, डॉ. फ़ादर एफ्रेम बा, एसजे, फ़ादर अजय अनिल तिर्की, एसजे, बर्सर फ़ादर रवि हेमंत कुजूर, एसजे, डॉ. संतोष कीड़ो, प्रो. रुद्रा सहित विभिन्न वोकेशनल कोर्स के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कॉलेज प्रशासन ने ओरिएंटेशन कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल संस्थान की कार्यप्रणाली से परिचित कराया, बल्कि उन्हें अनुशासन, नैतिक मूल्यों और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण के साथ अपने नए शैक्षणिक सफर की शुरुआत करने के लिए प्रेरित भी किया।