रांची में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, तीन युवक हिरासत में

राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध तरीके से पैसे लेकर नौकरी लगाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को छापेमारी कर तीन युवकों को हिरासत में लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिटी डीएसपी के नेतृत्व में चुटिया, लोअर बाजार और लालपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से केतारी बागान घाट रोड स्थित एक मकान में छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से मोटी रकम वसूली जा रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गिरोह के तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं और अब तक कितने युवाओं को नौकरी का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। पूछताछ के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है