अब जेल में बजेगी शहनाई! जहां कैदियों की गूंज थी, वहां सजेंगी बारातें, जानिए होटवार जेल का चौंकाने वाला प्लान

अब तक कैदियों, सुरक्षा व्यवस्था और जेल प्रशासन की खबरों को लेकर चर्चा में रहने वाला रांची का होटवार जेल जल्द ही एक नई पहचान बनाने जा रहा है। जिस परिसर को लोग जेल के रूप में जानते हैं, वहीं अब शहनाइयों की गूंज सुनाई देगी, बारातें आएंगी और शादी-ब्याह समेत कई सामाजिक समारोह आयोजित किए जाएंगे। यह सुनने में भले ही हैरान करने वाला लगे, लेकिन जेल प्रशासन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।

दरअसल, होटवार जेल परिसर में स्थित विशाल कम्युनिटी हॉल को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर आम लोगों के लिए किराए पर उपलब्ध कराने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। जेल आईजी के निर्देश पर इस हॉल का नवीनीकरण कराया जा रहा है, जिस पर करीब 87 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि दिसंबर तक सभी काम पूरे कर लिए जाएं और इसके बाद हॉल की बुकिंग शुरू कर दी जाए।

87 लाख की लागत से बदलेगी तस्वीर

जेल अधीक्षक के. चंद्रशेखर और जेलर लवकुश कुमार की निगरानी में चल रहे इस प्रोजेक्ट के तहत कम्युनिटी हॉल को पूरी तरह नया रूप दिया जा रहा है। हॉल में आकर्षक टाइल्स, आधुनिक झूमर, बेहतर लाइटिंग और अन्य सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं ताकि यहां आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

करीब 3 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बने इस हॉल में एक बड़ा स्टेज भी तैयार किया गया है। खास बात यह है कि यहां एक साथ लगभग 4 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, स्वच्छ पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

पार्किंग से लेकर सुरक्षा तक खास इंतजाम

जेल परिसर में होने वाले आयोजनों को लेकर सुरक्षा सबसे बड़ा सवाल माना जा रहा है। इसे देखते हुए प्रशासन ने विशेष योजना तैयार की है। आयोजन स्थल और जेल के संवेदनशील हिस्सों के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाएगी। हॉल तक पहुंचने के लिए अलग प्रवेश और निकासी मार्ग बनाए जाएंगे ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों का जेल की गतिविधियों से कोई संपर्क न हो।

इसके अलावा पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और सुरक्षा टीम लगातार निगरानी करेगी। हॉल से जेल की ओर जाने वाले सभी रास्तों को बंद रखा जाएगा, जिससे सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो।

सरकार को मिलेगा राजस्व, लोगों को सस्ता विकल्प

जेल अधीक्षक के. चंद्रशेखर के अनुसार, इस कम्युनिटी हॉल का उपयोग साल में केवल एक-दो बार बड़े सरकारी आयोजनों के लिए किया जाता था, जबकि इसके रखरखाव पर लगातार खर्च होता था। ऐसे में इसे आम लोगों के लिए कम शुल्क पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है।

इस पहल से एक ओर सरकार को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा, वहीं दूसरी ओर लोगों को शादी, जन्मदिन, सालगिरह और अन्य सामाजिक आयोजनों के लिए कम खर्च में एक बेहतर और विशाल स्थल मिल सकेगा।

जेल की नई पहचान बनने की तैयारी

होटवार जेल का यह कदम राज्य में अपनी तरह का अनोखा प्रयोग माना जा रहा है। जिस जगह को लोग अब तक केवल जेल के रूप में जानते थे, वह आने वाले समय में सामाजिक आयोजनों का भी प्रमुख केंद्र बन सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि जेल परिसर में बनने वाला यह आधुनिक कम्युनिटी हॉल लोगों को कितना आकर्षित करता है और यह पहल कितनी सफल साबित होती है।