रांची: झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार देर रात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांत कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। यह हमला निवारणपुर स्थित प्रांत कार्यालय पर हुआ, जहां दो युवकों ने कथित तौर पर पेट्रोल बम फेंका और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना कार्यालय परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात 12 बजकर 36 मिनट पर हुई। हालांकि इसकी जानकारी बुधवार सुबह उस समय हुई जब स्वयंसेवक कार्यालय परिसर स्थित हॉल में एकात्मता स्तोत्र के पाठ के लिए पहुंचे। वहां उन्हें एक बोतल दिखाई दी। इसके बाद परिसर में दूसरी बोतल भी मिली, जिससे संदेह गहराया।
जब CCTV फुटेज की जांच की गई तो पूरी घटना सामने आई। फुटेज में दो युवक कार्यालय परिसर की ओर आते और कथित तौर पर पेट्रोल बम फेंकते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
घटना के समय कार्यालय में मौजूद थे कई लोग
बताया जा रहा है कि घटना के समय कार्यालय परिसर में प्रांत प्रचारक गोपाल शर्मा, प्रांत सह व्यवस्था प्रमुख आनंद तुलस्यान, अजय कुमार, प्रांत कार्यालय प्रमुख नरसिंह सिंह, महानगर प्रचारक विशाल कुमार समेत कई विद्यार्थी और कर्मचारी मौजूद थे। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सूचना मिलते ही पहुंचे संजय सेठ और बाबूलाल मरांडी
घटना की जानकारी मिलते ही रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत भाजपा के कई विधायक और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक कार्यालय पहुंचे। नेताओं ने घटना पर चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल इस घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।