रांची: झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत सहायक आचार्य (पारा कोटि) के 7,304 पदों पर सीधी और बैकलॉग नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने अधियाचना (Requisition) झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को भेज दी है।
अधियाचना भेजे जाने के साथ ही अब भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी JSSC की होगी। माना जा रहा है कि आयोग जल्द ही भर्ती विज्ञापन जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर सकता है।
7,304 पदों पर होगी नियुक्ति
सरकार की ओर से भेजी गई अधियाचना के अनुसार कुल 7,304 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इनमें सीधी भर्ती और बैकलॉग दोनों श्रेणियों के पद शामिल हैं।
पदों का विवरण
- सहायक आचार्य (इंटर प्रशिक्षित) – सीधी नियुक्ति: 1,909 पद
- सहायक आचार्य (इंटर प्रशिक्षित) – बैकलॉग नियुक्ति: 847 पद
- सहायक आचार्य (स्नातक प्रशिक्षित) – सीधी नियुक्ति: 4,197 पद
- सहायक आचार्य (स्नातक प्रशिक्षित) – बैकलॉग नियुक्ति: 351 पद
इन सभी पदों को मिलाकर कुल 7,304 रिक्तियों पर नियुक्ति की जाएगी।
नियमावली के तहत होगी भर्ती
कार्मिक विभाग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि अधियाचना के साथ सक्षम प्राधिकारी द्वारा अनुमोदित रोस्टर की प्रतियां तथा संबंधित नियमावलियों को भी संलग्न किया गया है। भर्ती प्रक्रिया सहायक आचार्य संवर्ग (नियुक्ति, प्रोन्नति एवं सेवा शर्त) नियमावली, 2022 (समय-समय पर किए गए संशोधनों सहित) के प्रावधानों के अनुरूप पूरी की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अधीन होगी नियुक्ति
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी नियुक्ति प्रक्रिया SLP (C) No. 4881/2023 (सुनील कुमार यादव एवं अन्य बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य) में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेशों के अधीन रहेगी। यानी भर्ती प्रक्रिया और नियुक्तियां न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए की जाएंगी।
जल्द जारी हो सकता है भर्ती विज्ञापन
अधियाचना प्राप्त होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) पर है। उम्मीद जताई जा रही है कि आयोग जल्द ही विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी करेगा, जिसमें शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन तिथि, परीक्षा प्रक्रिया और चयन संबंधी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी।
लंबे समय से नई शिक्षक नियुक्ति का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए यह अधियाचना राहत भरी खबर मानी जा रही है।
इसे भी पढें: संत जेवियर्स कॉलेज, रांची में जियोपॉलिमर रिसर्च लैब का उद्घाटन, प्लास्टिक कचरे से टिकाऊ निर्माण सामग्री पर होगा शोध
इसे भी पढें: झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: पारा शिक्षकों की संविदा सेवा भी पेंशन में होगी शामिल, 8 सप्ताह में भुगतान का आदेश