रांची : राजधानी रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक के किनारे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक जवान का शव बरामद किया गया। शव ड्यूटी की वर्दी में मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है। घटना के बाद रेलवे पुलिस, आरपीएफ और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, जवान का शव रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटनास्थल से उसका बैग भी बरामद किया गया है। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक आरपीएफ जवान की पोस्टिंग महज तीन दिन पहले ही सुइसा से नामकुम रेलवे स्टेशन पर की गई थी। बताया जा रहा है कि उनकी हाल ही में शादी भी हुई थी। ऐसे में अचानक हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस ने जवान की पहचान कर ली है, लेकिन आधिकारिक तौर पर नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि जवान नाइट ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान या उसके बाद उनके साथ क्या हुआ, यह अब जांच का विषय बन गया है। रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।
रांची रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक शिशुपाल कुमार ने बताया कि रेलवे ट्रैक के पास इस तरह जवान का शव मिलना बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की उच्चस्तरीय जांच कराई जा रही है और सभी संभावित पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला किसी रेल दुर्घटना का है, आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। जांच एजेंसियां घटनास्थल की परिस्थितियों, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों का विश्लेषण कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पूरे मामले ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और जवान की मौत को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।
इसे भी पढें: US-Iran War का The End ! ट्रंप और पेजेशकियान ने Peace Agreement पर किए हस्ताक्षर