फोन कॉल्स से तंग गई रांची की 15 साल की लड़की ने की आत्महत्या! परिवार ने युवक पर लगाया परेशान करने का आरोप

रांची: राजधानी रांची के मोराबादी स्थित शुभम इन्क्लेव में रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग लड़की की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका के पिता ने पलामू जिले के विश्रामपुर थाना क्षेत्र के भुखला गांव निवासी एक युवक पर बेटी को लगातार परेशान करने का आरोप लगाते हुए बरियातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुभम इन्क्लेव के फ्लैट संख्या-1एफ निवासी कृष्णा राम ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री को पलामू निवासी जितेन्द्र कुमार रवि लगातार फोन कॉल और मैसेज के माध्यम से परेशान कर रहा था। परिवार का आरोप है कि युवक की हरकतों से मानसिक रूप से परेशान होकर नाबालिग ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।

कृष्णा राम ने अपनी शिकायत में कहा है कि उनकी पुत्री काफी समय से युवक के व्यवहार से तनाव में थी। घटना के बाद परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया।

बरियातू थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, मैसेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।