झारखंड की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, खाते में पहुंचे 7,500 रुपये; तीन महीने का इंतजार खत्म

मंईयां सम्मान योजना: झारखंड की महिलाओं के लिए बड़ी राहत और खुशी की खबर सामने आई है। लंबे इंतजार के बाद धनबाद जिले की लाखों महिलाओं के खातों में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की तीन लंबित किस्तों की राशि एक साथ भेज दी गई है। लाभुक महिलाओं को अप्रैल, मई और जून महीने की सम्मान राशि मिलाकर कुल 7,500 रुपये डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खातों में हस्तांतरित किए गए हैं।

तीन महीने से भुगतान का इंतजार कर रही महिलाओं के लिए यह खबर किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। राशि खाते में पहुंचते ही लाभुक महिलाओं के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। कई महिलाओं ने इसे परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मदद बताया।

जिला प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार धनबाद जिला उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने सोमवार को भुगतान प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान जिले के 3,46,091 स्वीकृत लाभुकों के खातों में कुल 259.56 करोड़ रुपये से अधिक की राशि DBT के माध्यम से भेजी गई।

प्रशासन ने बताया कि भुगतान प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए सभी प्रखंडों और अंचलों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया था। यही वजह रही कि बड़ी संख्या में लाभुकों तक राशि समय पर पहुंचाने में सफलता मिली और किसी प्रकार की तकनीकी बाधा सामने नहीं आई।

यदि प्रखंडवार आंकड़ों पर नजर डालें तो गोविंदपुर प्रखंड सबसे आगे रहा, जहां 50,562 महिलाओं के खातों में योजना की राशि भेजी गई। इसके बाद झरिया अंचल में 44,387, बाघमारा प्रखंड में 44,281 और धनबाद अंचल में 32,299 महिलाओं को लाभ मिला। वहीं तोपचांची में 27,021, निरसा में 23,712, बलियापुर में 21,390 तथा कलियासोल में 19,899 लाभुकों को भुगतान किया गया।

इसके अलावा पुटकी अंचल के 18,143, एग्यारकुंड प्रखंड के 16,677, टुंडी के 16,492 और पूर्वी टुंडी के 9,740 लाभुकों के खातों में भी राशि पहुंचाई गई। बाघमारा अंचल के 7,369, धनबाद प्रखंड के 6,925, एग्यारकुंड अंचल के 5,202, बलियापुर अंचल के 1,137 तथा गोविंदपुर अंचल के 855 लाभुकों को भी योजना का लाभ मिला।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि योजना की राशि निर्धारित समय पर सभी पात्र महिलाओं तक पहुंचे। इसके लिए संबंधित विभागों, प्रखंडों और अंचलों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया गया। उन्होंने कहा कि समय पर भुगतान होने से हजारों परिवारों को आर्थिक सहायता मिली है, जिससे उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। इस योजना का उद्देश्य राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें नियमित वित्तीय सहायता प्रदान करना है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने सम्मान राशि दी जाती है, जिससे वे अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने में सहयोग कर सकें।

धनबाद में तीन किस्तों का भुगतान होने के बाद अब राज्य के अन्य जिलों की महिलाओं को भी इसी तरह की राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में झारखंड के बाकी जिलों में भी लंबित किस्तों का भुगतान किया जा सकता है। संभावना जताई जा रही है कि अगले एक सप्ताह के भीतर अन्य जिलों की लाभुक महिलाओं के खातों में भी एक साथ तीन किस्तों की राशि यानी 7,500 रुपये भेजे जा सकते हैं।

ऐसे में राज्यभर की लाखों महिलाओं की निगाहें अब सरकार और प्रशासन की आगामी घोषणा पर टिकी हुई हैं। यदि भुगतान प्रक्रिया इसी गति से आगे बढ़ती है, तो जल्द ही झारखंड के सभी जिलों की मंईयाओं को भी इस आर्थिक सहायता का लाभ मिल सकेगा।

इसे भी पढ़ें: झारखंड JHARERA को मिला नया अध्यक्ष, पूर्व DGP अजय कुमार सिंह की नियुक्ति, जानें क्या होगा असर

इसे भी पढ़ें: सुग्गा बांध फॉल: लातेहार का छिपा हुआ स्वर्ग, जहां पहाड़, जंगल और झरना मिलकर रचते हैं अद्भुत नजारा